लखनऊ , 5 मार्च 2023। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था उड़ान के तत्वावधान में आज फरीदी नगर चांदन रोड इन्दिरानगर लखनऊ स्थित संस्था के प्रांगण में आयोजित उड़ान होली रंग उत्सव में अवध व बृज की होली के रंग बिखरे।
उड़ान होली रंग उत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि लोकगीतों की चितेरन भक्ति शुक्ला और लोक नृत्यांगना सरिता सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर कर किया। होली के रंगों में रंगे कार्यक्रम का श्री गणेश विघ्न विनाशक भगवान गणेश जी के चरणों में समर्पित श्री गणेशाय देवा पर जानवी, आम्या, आकांक्षा, मयंक और विशेष के नृत्य से हुआ।
भगवान गणेश जी के चरणों में समर्पित इस प्रस्तुति के उपरान्त होली खेल रहे नन्द लाल वृंदावन की कुंज गलिन में अवधी होली गीत पर कल्पना, रचना, बीनू, सविता, पूजा, मीरा, हेमलता, आभा और सुनीता ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर अवधी लोक नृत्य की सुरभि से सबको सुरभित कर दिया।
मन को मोह लेने वाली इस पेशकश के बाद बीनू यादव ने रंग लेके खेलते गुलाल, जानवी गुप्ता ने रसिया को नार बनाओ री रसिया को पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर बृज की होली के रंगों से सबको सराबोर कर दिया।
होली के रंगों से सजे कार्यक्रम के अगले सोपानों में सरिता सिंह के नृत्य निर्देशन में सविता, श्रद्धा, गिरिश कुमारी, सीमा राय, नीतू, पूजा, भारती, रचना, रिंकू, रोमा, शिखा, सोनी, स्वरूपा, सुनीता, नविता, लवली, रोली, मोना, आरती, स्वाती, अलका और सरिता ने आज बिरज में होली रे रसिया, होरी खेले रघुबीरा अवध में होरी खेले रघुबीरा जैसे अन्य अवधी, बृज, बनारसी और चौतल पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर होली का मनोरम दृश्य सृजित किया।








Users Today : 6
Total Users : 900630

