लखनऊ। न्यूज लाइव ब्यूरो रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने पत्रकारों के साथ पुलिस के संबंधों को सुधारने और संवाद को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा की मीडिया और पुलिस के परस्पर संबंध मधुर रहने से अपराध नियंत्रण में सफलता मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अखबारों में प्रकाशित समाचारों तथा न्यूज़ चैनलों पर प्रसारित खबरों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर प्रसारित समाचारों पर भी संज्ञान लिया जाना चाहिए।
आपको बताते चलें कि हाल ही में पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक पत्र में पत्रकारों की सुरक्षा, उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार, और उनके खिलाफ फर्जी मामलों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को रेखांकित किया गया है।
इस पत्र में सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पत्रकारों के साथ शिष्ट और सहयोगात्मक व्यवहार करें, उनके खिलाफ किसी भी प्रकार के फर्जी मामले दर्ज न करें, और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, पत्रकारों के साथ नियमित संवाद और समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया गया है, ताकि पुलिस और मीडिया के बीच पारदर्शिता और विश्वास स्थापित हो सके।
उल्लेखनीय है कि डीजीपी राजीव कृष्ण ने अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को जारी रखने और राज्य में कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही है। उनका उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और उत्तरदायी बनाना है, ताकि आम जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।
पुलिस और मीडिया के बीच मधुर संबंध रखने के लिए डीजीपी की ओर से की गई पहल से यह स्पष्ट होता है कि डीजीपी राजीव कृष्ण पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण को लेकर गंभीर हैं, और पुलिस तथा मीडिया के बीच सहयोगपूर्ण संबंध स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।









Users Today : 191
Total Users : 900623

